कृषि मंत्री ने किया किसान मेला सह कृषि प्रदर्शनी का उद्घाटन
कृषि मंत्री ने किया किसान मेला सह कृषि प्रदर्शनी का उद्घाटन
कृषि निदेशक एवं उप विकास आयुक्त रहे मौजूद
गोड्डा
मेहरमा प्रखंड क्षेत्र के बलबड्डा थाना अंतर्गत रामसुंदर राम उच्च विद्यालय के प्रांगण में रविवार को प्रमंडल स्तरीय किसान मेला सह कृषि प्रदर्शनी का उद्घाटन सूबे की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस दौरान कृषि निदेशक डॉक्टर ताराचंद्र तथा उप विकास आयुक्त स्मिता टोप्पो भी मंच पर मौजूद थीं।
मंत्री श्रीमती पांडेय ने किसानों को संबोधित कर कहा कि उनकी सुविधा के लिए सरकार ने ऋण माफी की योजना लाई है, जिसकी सीमा 2 लाख तक की गई है।
यह किसानों के लिए काफी लाभकारी सिद्ध होगा।इसके अलावा मंईयां स्वावलंबन पेंशन योजना से महिलाओं के सशक्तिकरण को बल मिला है।
किसानों के सशक्तिकरण एवं कृषि विकास हेतु आयोजित इस मेले में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, कृषक मित्र एवं किसानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
मेले का मुख्य आकर्षण कृषि प्रदर्शनी, कृषि प्रादर्श प्रतियोगिता, कृषकों एवं वैज्ञानिकों के साथ सामूहिक परिचर्चा के साथ ही साथ वैज्ञानिकों के किसानों की समस्या समाधान हेतु किए गए प्रयास शामिल हैं।
कृषक मित्र संघ के जिला उपाध्यक्ष मयंक कुमार मिश्र ने बताया कि मंत्री ने कृषक मित्रों को आश्वस्त किया है कि उनकी मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार किया जाएगा। प्रादर्श चयन समिति के सदस्य निर्मल पोद्दार ने बताया कि प्रदर्शनी में भाग लेने वाले सभी किसानों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
इसके अलावा प्रथम द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के लिए प्रदर्शनी में लगे सामान का चयन किया गया जिस पर नंबर अंकित थे। इस प्रकार उन कृषकों को पुरस्कृत किया जाएगा।
इस अवसर पर 20 सूत्री अध्यक्ष शशांक शेखर सिन्हा, उपाध्यक्ष अंजू लता देवी,प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र शेखर आजाद, आत्मानंद पांडेय ,रंजन सिंह, रेनू भगत, गोविंद चनानी, अरविंद झा, नयन राम, केदार राम, गुलज़ारीलाल दास, महेंद्र उरांव, शत्रुघ्न सिंह, प्रवेज अख्तर, उस्मान गनी, मोहम्मद मुस्तफा, बम बम, निर्मल कुमार भगत, नीलकमल सिन्हा, सौरभ कुमार चौबे आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।
जबकि कानून व्यवस्था की देखरेख हेतु मेहरमा प्रभाग के पुलिस निरीक्षक हरीकिशोर मंडल, मेहरमा थाना प्रभारी नीतीश अश्विनी, बलबड्डा थाना प्रभारी राहुल कुमार चौबे सदलबल मुस्तैद दिखे।